पटना, इंपैक्ट लाइव टीम।
बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला है। मंगलवार को बयान जारी कर सम्राट चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी तेलंगाना में निवेश के लिए अडाणी की आरती उतारते हैं, जबकि महाराष्ट्र में उसी उद्योग समूह को गाली देते हैं। यही कांग्रेस का दोहरा चरित्र है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 55 साल तक शासन के दौरान देश को भ्रष्टाचार के जरिए जमकर लूटा और सत्ता के लिए अलगाववाद को हवा देकर बांटा, इसीलिए भारत की प्रगति धीमी रही। डिप्टी सीएम ने आरोप लगाते हुए यह भी कहा कि गरीबी-बेरोजगारी कांग्रेस की देन है।
डिप्टी सीएम ने आगे कहा कि कांग्रेस नेतृत्व वाला गठबंधन महाराष्ट्र और झारखंड में देश को लूटने और बांटने वाली ताकतों की सरकार बनाना चाहता है। उस गठबंधन के नेता राहुल गांधी लुटेरों के सरदार हैं। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद सत्ता पाने वाली कांग्रेस के पहले तीस साल में देश इतना गरीब हो गया था कि 1971 में चुनाव जीतने के लिए इंदिरा गांधी को गरीबी हटाओं का झूठा नारा देना पड़ा।
सम्राट चौधरी ने कहा कि आज राहुल गांधी जिस गरीब-बेरोजगारी का शोर मचा रहे हैं, वह उनकी पार्टी और उनकी दादी का दिया हुआ जख्म है। दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 10 साल में देश के 22 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए और विकास योजनाओं के लागू होने से करोड़ों लोगों को रोजगार मिला।