समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव और बदायूं लोकसभा सीट से पार्टी के घोषित उम्मीदवार शिवपाल सिंह यादव ने बुधवार को घोषणा करते हुए कहा कि जनता की मांग पर उनके बेटे आदित्य यादव उनकी जगह यहां से सपा के उम्मीदवार होंगे। सपा महासचिव ने एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं की मांग पर आदित्य यादव इस सीट से चुनाव लड़ेंगे और नवरात्र में ही अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। उन्होंने कहा, मैं मतदान की अपील करने के लिए यहां आया हूं। पहले मुझे ही उम्मीदवार बनाया गया था लेकिन युवाओं की मांग पर आदित्य चुनाव लड़ेंगे और वह नवरात्र में नामांकन दाखिल करेंगे।
बदायूं में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत सात मई को मतदान होना है, जिसके लिए 12 अप्रैल से अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी और 19 अप्रैल तक नामांकन पत्र दाखिल किया जा सकता है। नौ अप्रैल से शुरू हुए नवरात्रि 17 अप्रैल को समाप्त होंगे।