Monday 08-Dec-2025

रूपेश हत्याकांड में सभी आरोपी हुए बरी तो बोले तेजस्वी, नीतीश कुमार का इकबाल खत्म हो चुका है

रूपेश हत्याकांड में सभी आरोपी हुए बरी तो बोले तेजस्वी, नीतीश कुमार का इकबाल खत्म हो चुका है

पटना, इंपैक्ट लाइव टीम।

बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बुधवार को नीतीश सरकार पर जमकर हमला बोला। तेजस्वी ने कहा कि बिहार में अपराध थम नहीं रहा है। चर्चित रूपेश हत्याकांड को लेकर उन्होंने कहा कि अब यह हाल हो गया है कि आरोपी कोर्ट से बरी हो गए। हम शुरू से ही कह रहे हैं कि बिहार पुलिस का भय अपराधियों के मन से हट गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्य में अपराधियों को पूरा संरक्षण मिल रहा है। नीतीश कुमार का इकबाल पूरे तरीके से खत्म हो चुका है। तेजस्वी ने आरोप लगाते हुए यहां तक कह दिया कि मौजूदा सरकार अपराधियों को संरक्षण देने का प्रयास करती है।

लैंड फॉर जॉब मामले में तेजस्वी यादव समेत 11 पर सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की गई है। इस पर तेजस्वी यादव ने कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। यह बीजेपी का रूटीन वर्क है। हम लोग का पक्ष बहुत ही मजबूत है और यह जग जाहिर है कि जांच एजेंसियां किन पर काम करती हैं? किनके इशारे पर काम करती हैं। गौरतलब है कि प्रवर्तन निदेशालय ने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव और अन्य आरोपियों के खिलाफ जमीन के बदले नौकरी घोटाले के मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट में पहला सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल किया है, जिसमें 11 आरोपियों के नाम शामिल किए गए हैं।

impact add2

रुपेश हत्याकांड के सभी आरोपितों के बरी होने बाद यह सवाल खड़ा हो गया है कि आखिर हत्या किसने और क्यों की? वहीं पटना पुलिस के अनुसंधान पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। बता दें कि राजधानी पटना के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र के पुनाईचक के कुसुम विलास अपार्टमेंट के गेट पर 12 जनवरी 2021 की शाम 7 बजे इंडिगो एयरलाइंस के मैनेजर रुपेश की अपराधियों ने गोली मार कर हत्या कर दी। कई दिनों तक यह घटना सुर्खियों में रही। पुलिस ने इस मामले में 5-6 अज्ञात अपराधियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी और ऋतुराज समेत चार के खिलाफ चार्जशीट दायर की थी।