आगामी लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को उस समय झटका लगा, जब उत्तर प्रदेश से कांग्रेस के प्रमुख नेता राजेश मिश्रा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए मंगलवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। वाराणसी लोकसभा सीट से कांग्रेस के पूर्व सांसद मिश्रा ने यहां भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद और राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में भगवा दल की सदस्यता ली।
राजेश मिश्रा ने भाजपा में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा और अन्य नेताओं के प्रति आभार जताया और कहा कि वह अपना शेष राजनीतिक जीवन भाजपा में ही बिताएंगे। उन्होंने कहा कि मेरा प्रयास होगा कि आगामी लोकसभा चुनाव में विपक्षी गठबंधन को इस बार वाराणसी सीट के मतदान केंद्रों पर निगरानी के लिए कोई पोलिंग एजेंट भी न मिले। उन्होंने कहा कि मैंने राजनीति की शुरुआत कांग्रेस के साथ की और अब यह निश्चित है कि मैं जीवन भर भाजपा के साथ ही रहूंगा। बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी लगातार तीसरी बार वाराणसी सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।