Saturday 13-Jun-2026

अवध बिहारी चौधरी को बिहार विधानसभा अध्यक्ष पद से हटाया गया

अवध बिहारी चौधरी को बिहार विधानसभा अध्यक्ष पद से हटाया गया

बिहार विधानसभा ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता अवध बिहारी चौधरी को सदन के अध्यक्ष पद से हटाने का प्रस्ताव सोमवार को पारित कर दिया। इसके बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ मिलकर बनाई गई अपनी नयी सरकार के लिए विश्वास मत हासिल करने के वास्ते सोमवार को विधानसभा में प्रस्ताव पेश किया।

मुख्यमंत्री कुमार एक पखवाड़े पहले 'महागठबंधन' से अलग होकर भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में लौट गए थे। पूर्ववर्ती महागठबंधन सरकार का हिस्सा रहे राजद के नेता चौधरी ने अपनी पार्टी के सत्ता से बाहर होने के बाद अपना पद छोड़ने से इनकार कर दिया था। राजग द्वारा अध्यक्ष के खिलाफ पेश किए गए अविश्वास प्रस्ताव को 243 सदस्यीय विधानसभा में 125 विधायकों का समर्थन मिला, जबकि 112 सदस्यों ने इसके खिलाफ मतदान किया।

इससे पहले, अध्यक्ष की कुर्सी पर आसीन विधानसभा उपाध्यक्ष महेश्वर हजारी ने अविश्वास प्रस्ताव को ध्वनि मत से पारित घोषित करना चाहा, लेकिन राजद के विरोध के बाद वे संख्या की गिनती करने पर सहमत हो गए।