Thursday 30-Apr-2026

दिवाली से पहले बिहार में हवा हो गई खराब, पटना का AQI 200 के पार; आपके जिले का क्या है हाल?

दिवाली से पहले बिहार में हवा हो गई खराब, पटना का AQI 200 के पार; आपके जिले का क्या है हाल?

पटना, इंपैक्ट लाइव टीम।

Bihar AQI Update: दिवाली से पहले बिहार में हवा खराब हो गई है। प्रदूषण विभाग ने कहीं ऑरेंज तो कहीं रेड अलर्ट जारी किया है। पटना की स्थिति तो खराब है ही लेकिन इसके साथ ही हाजीपुर की हालत राजधानी से भी ज्यादा खराब है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट के अनुसार बुधवार सुबह तक पटना और पूर्णिया जिले में एक्यूआई 200 से पार हो चुका है जबकि हाजीपुर में 300 के भी पार है। यह खराब हवा का संकेत है।

पटना में 212 एक्यूआई है तो पूर्णिया में 204 रिकॉर्ड किया गया है। इसे ऑरेंज अलर्ट में रखा गया है। सांस से संबंधित बीमारी वाले लोगों के लिए यह काफी ज्यादा खराब है। पटना से सटे हाजीपुर की बात करें तो एक्यूआई 308 के पार है। यहां रेड अलर्ट जारी किया गया है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार बिहार के अन्य जिलों में एक्यूआई 200 से नीचे दर्ज किया गया है। हालांकि 150-200 के बीच में तीन जिले हैं। सीवान में 170, राजगीर में 168 और बेतिया में 159 एक्यूआई दर्ज किया गया है।

impact add3

बता दें कि पिछले वर्ष प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने कई जिलों में हवा के खराब होने का हवाला दिया था और सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत बिहार के कई जिलों में पटाखों के जलाने पर रोक लगाई गई थी। इनमें राजधानी पटना, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और गया शामिल हैं। इस बार भी जिला प्रशासन ने इन जिलों में पटाखों के जलाने पर बैन लगाया है।

उधर बोर्ड की ओर से प्रदूषण से बचने के लिए लोगों को सलाह दी गई है। अभी ठंड की शुरुआत भी होनी है। इससे पहले प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से एक्यूआई को लेकर चौंकाने वाली रिपोर्ट आ गई है। अब देखना होगा कि दिवाली के बाद प्रदेश में एक्यूआई का लेवल कितना तक पहुंचता है।