नई दिल्ली, इंपैक्ट लाइव टीम।
सीबीआई ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) प्रश्नपत्र लीक मामले में एम्स पटना के तीन छात्रों से पूछताछ की है। अधिकारियों ने गुरवार को यह जानकारी दी। जिन छात्रों से पूछताछ की गई है, उनके बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं दी गई है। वहीं आज इस मामले से जुड़ी याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होने जा रही है। गौरतलब है कि नीट पेपर लीक का मास्टरमाइंड संजीव मुखिया सीबीआई की गिरफ्त से बाहर है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सीबीआई की टीम ने नीट यूजीसी पेपर लीक मामले में पटना एम्स से 2021 बैच के तीन छात्रों को गिरफ्तार किया है। इन तीनों के लैपटॉप और स्मार्टफोन को भी जब्त कर लिया है। बता दें कि सीबीआई की टीम ने नीट पेपर लीक मामले में अभी तक 42 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
वहीं दूसरी ओर नीट पेपर लीक मामले में सीबीआई ने पंकज कुमार उर्फ आदित्य को 14 दिन की रिमांड पर लिया है। उससे 30 जुलाई तक पूछताछ होगी। पंकज और उसके सहयोगी राजू को पूर्व में रिमांड पर लिये गये नीट के अभ्यर्थियों और पेपर लीक गिरोह के अन्य लोगों के सामने बैठाकर पूछताछ की जायेगी। बता दें कि झारखंड के बोकारो के निवासी पंकज को सीबीआई ने मंगलवार को पटना के दीघा इलाके से गिरफ्तार किया था। पंकज ने ही हजारीबाग स्थित ओएसिस स्कूल परीक्षा केंद्र में बक्से से नीट के प्रश्नपत्र की चोरी की थी। इस काम में उसकी मदद राजू ने की थी। फिर दोनों ने मिलकर इस प्रश्नपत्र को पेपर लीक गिरोह के दूसरे लोगों तक पहुंचाया था। राजू को भी सीबीआई ने हजारीबाग से गिरफ्तार किया था।