Saturday 09-May-2026

मुख्यमंत्री को कुछ लेना-देना नहीं है... नीतीश कुमार पर क्यों भड़क उठे तेजस्वी यादव? जानिए

मुख्यमंत्री को कुछ लेना-देना नहीं है... नीतीश कुमार पर क्यों भड़क उठे तेजस्वी यादव? जानिए

आरजेडी नेता और बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने रोहतास में एक लड़की के अपहरण के बाद उसकी हत्या एवं औरंगाबाद के नबीनगर में हुई एक घटना को लेकर नीतीश सरकार पर हमला बोला है। मंगलवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर दो घटनाओं का जिक्र किया और कहा कि मुख्यमंत्री को कुछ लेना-देना नहीं है।

तेजस्वी ने एक्स पर लिखा कि दिल दहलाने वाली निर्मम घटना में रोहतास के डेहरी में मीठापुर गांव की बेटी नीतू कुशवाहा का अपहरण कर हत्या कर दी गई है। कुछ दिन पहले ही नबीनगर में भी दूसरी बेटी श्रेया की हत्या की गई थी। बिहार में अपराधी बेखौफ हैं। महिलाओं और बेटियों पर सत्ता संरक्षित अत्याचार की कोई सीमा ही नहीं बची। सरकार की तरफ से कोई संवेदना तक व्यक्त नहीं करता। बिहार में विधि व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। मुख्यमंत्री को कुछ लेना-देना ही नहीं है।

गौरतलब है कि तेजस्वी यादव ने सोमवार को भी राज्य सरकार पर हमला बोला था। तेजस्वी ने एक्स पर लिखा था कि सरकारी अपराधियों ने शेखपुरा में बैंक लूटने के बाद अब घर में घुस महिला की हत्या की। अपराधियों की बहार है। बिहार में 6 दलों की NDA सरकार है।