बिहार के 40 लोकसभा सीटों के लिए मतदान के बाद मंगलवार की सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हो जाएगा। इसी दौरान अगिआंव (सुरक्षित) विधानसभा उपचुनाव के लिए भी मतगणना की जाएगी। वहीं, सुबह 10 बजे के बाद से चुनाव परिणाम के रुझान सामने आने लगेंगे। वहीं, 12 बजे के बाद अंतिम परिणाम आएंगे। बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एचआर श्रीनिवास के निर्देश पर सभी संबंधित जिलों में मतगणना को लेकर तैयारी शुरू कर दी गयी है।
जानकारी के अनुसार राज्य के 33 जिलों में 40 मतगणना केंद्र बनाए गए है। छोटे जिलों में मतगणना केंद्र नहीं है। राज्य में 40 संसदीय सीटों के लिए चुनाव हुआ है, ऐसे में सभी संसदीय क्षेत्रों के लिए एक-एक मतगणना केंद्र बनाए गए है। निर्वाचन विभाग के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार अरवल, शिवहर, सहरसा, शेखपुरा एवं लखीसराय में मतगणना केंद्र नहीं बनाए गए है। जबकि पटना सहित कुछ जिलों में दो-दो मतगणना केंद्र बनाए गए है। आरा संसदीय क्षेत्र का मतगणना केंद्र आरा में, बक्सर संसदीय क्षेत्र का बक्सर में मतगणना केंद्र बनाया गया है। जबकि, सासाराम (सु.) सीट के लिए मतगणना केंद्र कैमूर में तो काराकाट संसदीय क्षेत्र के लिए सासाराम में मतगणना केंद्र बनाया गया है।
मतगणना के पूर्व सभी वज्रगृह में ईवीएम को सख्त निगरानी में रखा गया है। वहां 24 घंटे सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है। साथ ही, उन स्थानों पर सशस्त्र अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गयी है। उनके साथ ही, सभी प्रमुख राजनीतिक दल एवं उम्मीदवारों के प्रतिनिधियों द्वारा ईवीएम की लगातार निगरानी की जा रही है। ईवीएम के परिवहन पर पहले से ही चुनाव आयोग ने रोक लगा दी है।