बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नीट पेपर लीक मामला सामने आने के बाद बड़ा एलान किया है। राजधानी पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान नीतीश कुमार ने पेपर लीक के खिलाफ नया और सख्त कानून बनाने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भर्ती के लिए आयोजित परीक्षाओं में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने और परीक्षा में किसी प्रकार की अनियमितता व प्रश्न पत्र लिख ना हो, को लेकर एक सशक्त कानून बनाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि इससे संबंधित प्रस्ताव आगामी विधानसभा चुनाव के सत्र में लाया जाएगा।
वहीं राज्य के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने इस मसले पर कहा कि सरकार आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। इस मामले में किसी को कोई रियायत नहीं दी जाएगी। वहीं, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर मुख्यमंत्री के नेतृत्व में कानून बनाने का काम चल रहा है।
बता दें कि नीट एग्जाम 2024 में पेपर लीक मामले में इकनॉमिक ऑफेंस यूनिट पटना ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पेपर लीक मामले की जांच कर रही ईओयू ने उन परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों के साथ पूछताछ के लिए कार्यालय बुलाया था जो पांच मई को संपन्न नीट एग्जाम में शामिल हुए थे।