Saturday 13-Jun-2026

दरभंगा में मर्डर, जमीन विवाद में बेटे ने पिता को मौत के घाट उतारा

दरभंगा में मर्डर, जमीन विवाद में बेटे ने पिता को मौत के घाट उतारा

बिहार के दरभंगा जिले में जमीन विवाद को लेकर बेटे ने पिता की हत्या कर दी। घटना हायाघाट थाना क्षेत्र के नेयाम छतौना गांव का है, जहां जमीन बंटवारे को लेकर मुकेश राय ने अपने 65 वर्षीय पिता पवित्र राय की तेज धारदार हथियार से हत्या कर दी। हत्या करने के बाद पुत्र अपनी पत्नी और बच्चों के साथ गांव से फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद पहुंची हायाघाट थाना की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

घटना के संबंध में मृतक की छोटी बहू रंगीला देवी ने बताया कि घटना के वक्त वह घर में मौजूद नहीं थी, वह अपने मायके सीतामढ़ी में थी। ग्रामीणों से मिली जानकारी के बाद वह दरभंगा पहुंची तो देखा कि चारपाई पर उसके ससुर पवित्र राय का खून से सना शव पड़ा हुआ है। साथ ही घर का सारा सामान भी गायब है। उसका कहना है कि संपत्ति को लेकर बड़े पति के बड़े भाई से ससुर का विवाद चल रहा था। इससे पहले भी कई बार ससुर को मारने का प्रयास किया गया था।

वहीं सदर डीएसपी अमित कुमार ने बताया कि हायाघाट थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपने पिता की हत्या कर दी है। सूचना मिलने पर पहुंची हायाघाट थाना की पुलिस ने शव को जब्त करते हुए पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है। वहीं, हत्या का आरोपी पुत्र मौके से फरार बताया जा रहा है। परिवार वालों के फर्द बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।