Saturday 19-Sep-2026

राबड़ी आवास पहुंची बीमा भारती, लालू और तेजस्वी से की मुलाकात; रुपौली सीट पर पेश की अपनी दावेदारी

राबड़ी आवास पहुंची बीमा भारती, लालू और तेजस्वी से की मुलाकात; रुपौली सीट पर पेश की अपनी दावेदारी

रुपौली की पूर्व विधायक बीमा भारती ने उपचुनाव के लिए अपनी दावेदारी पेश की है। उन्होंने साफ कहा है कि वो किसी भी स्थिति मं रुपौली सीट नहीं छोड़ेंगी। उन्होंने कहा कि उनके परिवार का ही कोई सदस्य चुनाव लड़ेगा। बता दें कि बीमा भारती ने राबड़ी आवास पहुंचकर आरजेडी प्रमुख लालू यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी से मुलाकात की। लालू और तेजस्वी से मुलाकात करने के बाद बीमा भारती ने रुपौली सीट पर अपनी दावेदारी जताते हुए कहा कि कहीं कोई दिक्कत नहीं है। इस सीट से वह कई बार विधायक रही हैं, ऐसे में उनका स्वभाविक दावा बनता है। जहां तक लोकसभा चुनाव में हार का सवाल है तो लोकसभा और विधानसभा का चुनाव बिल्कुल अलग-अलग होता है। बीमा भारती ने कहा कि लालू यादव से बात हो गई है, शाम को दोबारा आकर आरजेडी का सिंबल ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि या तो वह खुद उम्मीदवार होंगी या फिर उनके पति अवधेश मंडल रुपौली से चुनाव लड़ेंगे।

गौरतलब है कि पूर्णिया जिले के रुपौली विधानसभा क्षेत्र में 10 जुलाई को उपचुनाव होगा। बीमा भारती के इस्तीफे के कारण रुपौली सीट खाली हुई है। 2024 लोकसभा चुनाव से पहले बीमा भारती ने जेडीयू से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने आरजेडी के सिंबल पर पूर्णिया लोकसभा सीट से चुनाव भी लड़ा था लेकिन उनको सफलता नहीं मिली।

रुपौली विधानसभा सीट से बीमा भारती पांच बार विधायक चुनी गईं हैं। जेडीयू के टिकट पर उन्होंने 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की थी। उस सीट से वह निर्दलीय और आरजेडी के सिंबल पर भी विधायक रह चुकी हैं।

बता दें कि रुपौली विधानसभा उपचुनाव के लिए जेडीयू ने अपने प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर दी है। कलाधर मंडल रुपौली से जेडीयू के सिंबल पर चुनाव लड़ेंगे। इस सीट पर इंडिया गठबंधन की तरफ से वाम दलों ने भी दावेदारी पेश की है। उधर, लोजपा (रामविलास) नेता और पूर्व विधायक शंकर सिंह ने भी चिराग पासवान का साथ छोड़कर निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है।