गोपालगंज, इंपैक्ट लाइव टीम।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग के फरार तीनों हथियार तस्करों पर बिहार पुलिस ने इनाम घोषित किया है। बिहार व दूसरे राज्यों में पुलिस की टीम तस्करों को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। गोपालगंज जिले के एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि मयंक सिंह उर्फ सुनील मीणा पर एक लाख व राजस्थान के ब्यावर के भूपेंद्र सिंह व अजमेर के केशरपुर के मंगली वास के राहुल कुमार सिंह पर 50-50 हजार का इनाम रखा गया है।
मयंक उर्फ सुनील मीणा के विदेश में शरण लेने की पुलिस को आशंका है। गोपालगंज जिले की पुलिस द्वारा यूपी बिहार की सीमा पर हथियार तस्करों के पकड़े जाने के बाद उनसे पूछताछ के आधार पर राजस्थान से दिनेश सिंह रावत को पकड़ा गया था। जबकि अजमेर के मंगली वास के राहुल कुमार सिंह और ब्यावर के भूपेंद्र सिंह को गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता नहीं मिली है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर तीनों पर इनाम घोषित किया है।
एसपी ने बताया कि पुलिस की पूछताछ में पता चला था कि गोपालगंज पुलिस के हत्थे चढ़े राजस्थान के अजमेर जिले के कमलेश रावत, दिनेश सिंह रावत व मुजफ्फरपुर के संतनु शिवम पहले भी हथियार की खेप मुजफ्फरपुर पहुंचा चुका है। भूपेन्द्र सिंह हथियार तस्करी गैंग का मास्टर माइंड है। वह लॉरेंस बिश्नोई का राजस्थान में दाहिना हाथ है। पूछताछ में हथियार तस्करों ने बताया था कि भूपेन्द्र सिंह साढ़े तीन लाख में हथियार खरीद कर साढ़े आठ लाख में बेचता है।