Saturday 13-Jun-2026

बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा की डेट जारी, 7 से 28 अगस्त के बीच होगा एग्जाम; पूरी गाइडलाइन पढ़ें

बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा की डेट जारी, 7 से 28 अगस्त के बीच होगा एग्जाम; पूरी गाइडलाइन पढ़ें

पटना, इंपैक्ट लाइव टीम।

बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा की डेट जारी कर दी गई है। 7 से 28 अगस्त के बीच सिपाही भर्ती की परीक्षा होगी। इस परीक्षा को लेकर आयोग के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने शुक्रवार को जानकारी दी। परीक्षा का आयोजन एक ही पाली में दोपहर 12 बजे से लेकर 2 बजे तक होगा। उन्होंने बताया कि इस बार पेपर लीक नहीं होगी। इस परीक्षा के लिए 17 लाख 81 हजार 720 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। राज्य के 38 जिलों में 545 सेंटर्स पर परीक्षा होगी। परीक्षा के माध्यम से 21,391 खाली पदों पर योग्य उम्मीदवारों की भर्तियां की जाएंगी। गौरतलब है कि सिपाही भर्ती परीक्षा एक अक्टूबर 2023 को हुई थी लेकिन पेपर लीक हो गया था, जिसके बाद परीक्षा को रद्द कर दिया गया था।

आयोग के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने कहा कि पुलिस मुख्यालय और राज्य सरकार की ओर से परीक्षा के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा के सुचारू एवं कदाचार मुक्त संचालन के लिए राज्य सरकार की ओर से जिला पदाधिकारी को और पुलिस अधीक्षक को एग्जाम कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। परीक्षा 7, 11, 18, 21, 25 और 28 अगस्त को होगी। जिस दिन परीक्षा होनी है उसके एक हफ्ते पहले एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा। 7 अगस्त को होने वाली परीक्षा का एडमिट कार्ड जारी कर दिया गया है। एडमिट कार्ड CSBC की वेबसाइट https://www.csbc.bih.nic.in. से डाउनलोड किया जा सकता है।

बताया गया है कि सिपाही भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों को उनके गृह जिले में केंद्र आवंटित नहीं किया गया है। जिला, तिथि एवं केंद्र का आवंटन रैंडम प्रक्रिया से हुआ है। परीक्षा की तिथि से सात दिन पहले एडमिट कार्ड डाउनलोड किया जा सकेगा। अभ्यर्थियों के प्रवेश का समय सुबह 09:30 बजे होगा और 10:30 बजे प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। परीक्षा 12:00 बजे से 02:00 बजे तक होगी।

आयोग के अध्यक्ष ने सभी अभ्यर्थियों को आगाह किया है कि वे सोशल मीडिया एवं अन्य किसी माध्यम से दुष्प्रचार अथवा झांसे में न आएं। किसी भी अभ्यर्थी को दूरभाष या मोबाइल अथवा सोशल मीडिया के माध्यम से व्यक्तिगत संपर्क नहीं किया जाता है। पर्षद एवं अभ्यर्थियों के बीच संवाद का माध्यम केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती), बिहार की वेबसाइट अथवा अभ्यर्थियों के आवेदन में रजिस्टर्ड ई-मेल या मोबाइल नंबर पर प्री-रिकार्डेड ग्रुप संवाद ही हैं। इसके अतिरिक्त यदि किसी अन्य स्वरूप में उनसे कोई संपर्क करता है तो वे इसकी सूचना नजदीकी थाना को दें।