मुजफ्फरपुर, इंपैक्ट लाइव टीम।
महाराष्ट्र के सतारा से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक लड़ने ने अपनी कथित प्रेमिका को ऊंची इमारत से नीचे फेंक दिया। इस घटना में लड़की की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक लड़की का नाम आरुषि (19 वर्ष) है, जो कि मूलत: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले की रहने वाली थी। वहीं आरोपी लड़के की पहचान हरियाणा के सोनीपत के ध्रुव चिक्कर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार बुधवार को ध्रुव ने आरुषि को अपने फ्लैट पर मिलने के लिए बुलाया था। इस दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। बहस के दौरान ध्रुव और आरुषि के बीच हाथापाई हुई, जिसके बाद ध्रुव ने आरुषि को दूसरी मंजिल से धक्का दे दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में ध्रुव भी घायल हो गया। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार ध्रुव को शक था कि आरुषि का किसी और लड़के के साथ अफेयर चल रहा है। इसी बात से नाराज होकर ध्रुव ने आरुषि को बिल्डिंग से नीचे फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपी ध्रुव को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। बता दें मृतक आरुषि मुजफ्फरपुर की मशहूर महिला चिकित्सक डॉ. रंजना मिश्रा की पोती थी। गुरुवार देर शाम आरुषि का शव शहर के जूरन छपरा स्थित आवास पर पहुंचा। इसके बाद बड़ी संख्या में शुभचिंतक उनके आवास पर पहुंच गए।
गौरतलब है कि आरुषि दिल्ली में रहकर मेडिकल की पढ़ाई कर रही थी। वह दोस्तों के साथ महाराष्ट्र गई थी। जहां 30 जुलाई को घटना हुई। शव की पहचान होने के बाद महाराष्ट्र पुलिस ने मुजफ्फरपुर में आरुषि के परिवार वालों को सूचना दी। इसके बाद परिजन महाराष्ट्र पहुंचे। पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रिया के बाद शव को मुजफ्फरपुर लाया गया।