Saturday 13-Jun-2026

जेडीयू छोड़ आरजेडी में शामिल हुईं बीमा भारती, पूर्णिया से लड़ सकती हैं चुनाव; पप्पू यादव क्या करेंगे?

जेडीयू छोड़ आरजेडी में शामिल हुईं बीमा भारती, पूर्णिया से लड़ सकती हैं चुनाव; पप्पू यादव क्या करेंगे?

पूर्व मंत्री बीमा भारती ने शनिवार को जदयू की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद राजद में शामिल हो गईं। तेजस्वी यादव ने उन्हें सदस्यता दिलायी। वे पूर्णिया के रुपौली से विधायक हैं। माना जा रहा है कि बीमा पूर्णिया सीट से लोकसभा चुनाव लड़ेंगी। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने बीमा के इस्तीफे की पुष्टि की है।

बीमा भारती के राजद में शामिल होने पर पूर्व सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। पप्पू यादव ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि वह मर जायेंगे पर कांग्रेस नहीं छोड़ेंगे। आगे लिखा है कि दुनिया छोड़ देंगे,पूर्णिया नहीं छोड़ेंगे। मालूम हो कि पिछले दिनों पप्पू यादव ने अपनी पार्टी का कांग्रेस में विलय कर दिया था। वह कांग्रेस की ओर से पूर्णिया सीट पर प्रबल दावेदार हैं। अब बीमा भारती के राजद में शामिल हो जाने पर इस सीट को लेकर तकरार की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

बीमा भारती पिछले कुछ समय से जदयू से नाराज भी चल रही थीं। नीतीश सरकार के विश्वासमत के दौरान भी उन्होंने बागी तेवर अपनाया था। हालांकि बाद में पार्टी नेताओं के हस्तक्षेप से उनके तेवर नरम पड़े थे। बीमा भारती पहले भी राजद में रह चुकी हैं। वह 2000 में रूपौली से निर्दलीय विधायक बनीं इसके बाद, राजद में शामिल हो गईं। फरवरी 2005 में लोजपा के शंकर सिंह से हार गईं लेकिन अगले अक्टूबर के चुनाव में जीत दर्ज कीं। 2010 में राजद छोड़ जदयू से 2010 और फिर 2015 में विधायक चुनी गईं।