Saturday 13-Jun-2026

भाजपा ने लगाया लालू पर आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप, चुनाव आयोग से की शिकायत

भाजपा ने लगाया लालू पर आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप, चुनाव आयोग से की शिकायत

भाजपा ने आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव पर आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग से शिकायत की है। पार्टी ने कहा है कि लालू प्रसाद अपनी पार्टी के चुनाव चिह्न हरे रंग के पट्टे में लालटेन छाप बना हुआ गमछा गले में लपेटकर मतदान केंद्र के भीतर गए। इससे ऐसा प्रतीत होता है कि वे मतदाताओं को मतदान केन्द्र पर राजद के पक्ष में मतदान करने के लिए प्रोत्साहित कर रहे थे। यह दण्डनीय अपराध है। साथ ही यह चुनाव आदर्श आचार संहिता के निर्देश संख्या 135 की कंडिका 8 का खुल्लम-खुल्ला उल्लंघन है।

लालू-राबड़ी सपरिवार मतदान करने पहुंचें
लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में पटना साहिब संसदीय सीट के मतदाता के रुप में राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद एवं पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी सपरिवार मतदान करने वेटनरी कॉलेज स्थित बूथ पर पहुंचें। वे सुबह नौ बजे के करीब वहां पहुंचें और सीधे मतदान केंद्र के अंदर चल गए। लालू प्रसाद, राबड़ी देवी के साथ उनकी पुत्री रोहिणी आचार्य भी वहां पहुंची थी। उनका मतदान क्षेत्र पटना साहिब संसदीय क्षेत्र में शामिल है।

हालांकि, लालू प्रसाद की बड़ी पुत्री मीसा भारती पाटलिपुत्र संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ रही हैं। जहां उनका मुकाबला सांसद रामकृपाल यादव से है। जबकि पटना साहिब संसदीय क्षेत्र से इंडिया गठबंधन समर्थित कांग्रेस प्रत्याशी अंशुल अभिजीत भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद के मुकाबले में चुनाव मैदान में हैं।

बाद में, वहां नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव भी मतदान के लिए पहुंचें। इन दिनों कमर में दर्द रहने के कारण वे व्हील चेयर पर मतदान केंद्र के अंदर गए। मतदान के बाद उन्होंने सभी मतदाताओं से आगे आकर मतदान की अपील की और चुनाव में इंडिया गठबंधन की जीत का दावा भी किया।