बिहार में 80 वर्षीय एक महिला के परिवार के सदस्यों ने पहले वोट डाला और फिर वृद्ध महिला का अंतिम संस्कार किया। यह घटना जहानाबाद जिले के मखदुमपुर प्रखंड के देवकुली गांव में हुई। मृतक के बेटे मिथिलेश यादव ने कहा कि मेरी मां का शनिवार को निधन हो गया...वह कभी वापस नहीं आएंगी। अंतिम संस्कार के लिए इंतजार किया जा सकता है, लेकिन चुनाव के लिए नहीं। चुनाव पांच साल बाद आएंगे। इसलिए, हमने (परिवार) ने इस मामले पर चर्चा की और वोट डालने के बाद मां का अंतिम संस्कार करने का फैसला किया। उन्होंने मतदान केंद्र संख्या-115 पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया और अपनी मां का अंतिम संस्कार करने गए। बता दें कि बिहार की आठ लोकसभा सीट पर शनिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान हो रहा है। इन लोकसभा सीटों में नालंदा, पटना साहिब, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, सासाराम (एससी), काराकाट और जहानाबाद शामिल हैं।