बिहार की आठ लोकसभा सीटों पर शनिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी है। इस बीच राजद नेता एवं बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने अपने बड़े भाई एवं पूर्व मंत्री तेजप्रताप के साथ पटना के एक मतदान केंद्र पर वोट डाला। मतदान के बाद तेजस्वी ने कहा, यह लोकतंत्र का पर्व है और सभी बिहार एवं देश के लोगों से अपील है कि घर से निकलें, वोट करें। संविधान, आरक्षण और लोकतंत्र को जो लोग खत्म करना चाहते हैं और जिन लोगों ने महंगाई, बेरोजगारी, गरीबी बढाई है, उन लोगों के खिलाफ वोट करें।
उन्होंने कहा, आज हम लोगों के समक्ष बाबा साहेब आंबेडकर द्वारा लिखे गये संविधान की रक्षा की घड़ी आयी। हमें इसकी हिफाजत करनी है और इसे बचाना है। बिहार का मिजाज टनाटन है। विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' की आज बैठक के बारे में पूछे जाने पर राजद नेता ने कहा कि बैठक के बाद हम लोग बताएंगे।
एग्जिट पोल के बारे में पूछे जाने तेजस्वी ने कहा कि तरह-तरह के एग्जिट पोल हैं किन पर विश्वास किया जाए लेकिन एक बात स्पष्ट है कि चार जून को गठबंधन 'इंडिया' सत्ता में आ रहा है, भाजपा जा रही है।''