आम चुनाव के सातवें एवं अंतिम चरण के दौरान बिहार के आठ लोकसभा क्षेत्रों में शनिवार दोपहर एक बजे तक 35.65 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके साथ ही अगिआंव विधानसभा सीट के लिए दोपहर एक बजे तक 33.10 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू प्रसाद ने अपनी पत्नी एवं पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और बेटी रोहिणी आचार्य के साथ पटना साहिब संसदीय क्षेत्र अंतर्गत वेटरनेरी कॉलेज स्थित एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।
बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के मुताबिक दोपहर एक बजे तक नालंदा में 32.94 प्रतिशत, पटना साहिब में 29.22 प्रतिशत, पाटलिपुत्र में 40.78 प्रतिशत, आरा में 33.07 प्रतिशत, बक्सर में 37.79 प्रतिशत, सासाराम (एससी) में 37.12 प्रतिशत, काराकाट में 39.53 प्रतिशत और जहानाबाद में 36.66 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इन आठ सीटों पर कुल 134 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं, जिनमें 122 पुरुष और 12 महिला हैं।
बिहार के राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने पटना के राजभवन परिसर स्थित एक मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान करने के बाद राज्यपाल ने कहा, मैं लोगों से आग्रह करता हूं कि वे बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करें। यह लोकतंत्र का पर्व है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बख्तियारपुर के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। वहीं पूर्व केंद्रीय एवं पटना साहिब से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार रविशंकर प्रसाद और पाटलिपुत्र से पार्टी उम्मीदवार रामकृपाल यादव ने अलग-अलग मतदान केंद्रों पर अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग किया।