झारखंड में जब से हेमंत सोरेन के नेतृत्व में गठबंधन की सरकार बनी है भाजपा के लोग सरकार गिराने में जुटी है। कई बार के प्रयास के बाद भी जब महागठबंधन की एकजुटता की वजह से सरकार गिराने में सीधे तौर पर असफल रही तो केंद्रीय एजेंसियों का दुरूपयोग करना शुरू कर दिया। उपरोक्त बातें सूबे के मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने मंगलवार को कमार दुधानी स्पोर्टस कॉम्पलेक्स दुमका में आयोजित अबुआ आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृति पत्र वितरण समारोह को संबोधित करते हुए कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व में जैसे ही सरकार बनी दो साल कोरोना जैसे कठिन समस्या से उबरने में सरकार का समय चला गया। बाकी बचे दो सालों में सरकार ने राज्य में जो विकास करने का काम किया उससे भाजपा के लोगों के पेट में दर्द शुरू हो गया। जनता ने पांच साल के लिए हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार चुनी, चार साल में भाजपा ने अपने केंद्रीय एजेंसियों के दुरूपयोग कर सरकार को गिराने का प्रयास किया, पर गठबंधन की एकजुटता ने इस मनसूबे पर पानी फेर दिया। अब जो सरकार बनी है वह हेमंत पार्ट-टू की सरकार है और यह सरकार हेमंत सोरेन के राज्य हित में लिए गए हर फैसले व सपने को साकार करने का काम करेगी।