बोकारो जिले के झुमरा पहाड़ की तलहटी पर अमन पहाड़ी के समीप मंगलवार सुबह सुरक्षा बलों व नक्सलियों में मुठभेड़ हो गया। दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग की गई, जो कुछ घंटे तक चली। मुठभेड़ स्थल पर खून के धब्बे भी देखे गए। हालांकि दोनों तरफ से किसी के भी हताहत होने की सूचना नहीं थी। साथ ही किसी तरह की जब्ती भी नहीं हो सकी थी। पुलिस का सर्च ऑपरेशन क्षेत्र में जारी है। बेरमो अनुमंडल अंतर्गत गोमिया प्रखंड के चतरोचट्टी थाना के चुटे पंचायत के दंडरा जंगल में यह मुठभेड़ हुआ।
बोकारो एसपी प्रियदर्शी आलोक ने बताया कि नक्सली दस्ता होने की सूचना पर कोबरा 203, झारखंड जगुआर व बोकारो जिला पुलिस की टीम इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही थी। इसी दौरान सुबह में सीज फायर किया गया। नक्सलियों की ओर से नेतृत्व चंचल ऊर्फ बिरसेन ऊर्फ रघुनाथ हेम्ब्रम कर रहा था। दस्ते में 12-14 सदस्य थे।
बताया जाता है कि गिरिडीह जिला के डुमरी थाना क्षेत्र के बिष्णु हेम्ब्रम का बेटा रघुनाथ हेम्ब्रम ऊर्फ चंचल ऊर्फ बिरसेन ऊर्फ निर्भय जी ऊर्फ काना पर 25 लाख का इनाम है। वह झुमरा पहाड़ जिलगा जोन के सब जोनल कमांडर के अलावा सगंठन में बिहार-झारखंड स्पेशल कमेटी का मेंबर भी है। बिहार-झारखंड की पुलिस अब तक इसे गिरफ्तार करने में नाकाम रही है। सब जोनल कंमाडर मिथिलेश सिंह ऊर्फ दुर्योधन महतो की गिरफ्तारी के बाद संगठन में जिलगा जोन और पारसनाथ जोन में बिरसेन लीड कर रहा है।