झारखंड से कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य धीरज प्रसाद साहू से धनशोधन के एक मामले में रविवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने करीब पांच घंटे तक पूछताछ की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। यह मामला भूमि धोखाधड़ी से जुड़ा है जिसमें राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को हाल में गिरफ्तार किया गया था।
अधिकारी ने बताया कि साहू पूछताछ का सामना करने के लिए रविवार को लगातार दूसरे दिन ईडी के सामने पेश हुए। ईडी ने शनिवार को उनसे करीब 11 घंटे तक पूछताछ की थी। अधिकारी ने बताया कि साहू अपराह्न करीब तीन बजे रांची स्थित ईडी के कार्यालय में दाखिल हुए और आठ बजकर करीब 30 मिनट पर बाहर निकले।
ईडी कार्यालय से बाहर आने पर साहू ने कहा कि कुछ कागजी कार्रवाई चल रही है और मैंने उनके साथ सहयोग किया। अधिकारियों ने बताया कि ईडी ने साहू से सोरेन के साथ कथित संबंध और पिछले महीने तलाशी के दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष के दिल्ली स्थित आवास में मिले लग्जरी कार के बारे में बयान दर्ज किया।
अधिकारियों के अनुसार ईडी के अधिकारियों को दक्षिणी दिल्ली में झारखंड सरकार द्वारा पट्टे पर दी गई संपत्ति से कार की चाबी मिली और वहां छापेमारी पूरी होने के बाद वे वाहन को अपने साथ ले गए। साहू ने शनिवार रात पूछताछ के बाद पत्रकारों को बताया कि पूछताछ जब्त लग्जरी वाहन से संबंधित थी। उन्होंने कहा, ''ज्यादा कुछ नहीं है... जब्त गाड़ी पूर्व मुख्यमंत्री की नहीं है और किसी और की है... जांच जारी है।
कांग्रेस सांसद पिछले साल दिसंबर में तब चर्चा में आए थे जब आयकर विभाग ने उनके परिवार से संबंधित ओडिशा स्थित बौध डिस्टिलरी प्राइवेट लिमिटेड के परिसरों पर छापेमारी के दौरान 351.8 करोड़ रुपये नकद जब्त किए थे। अधिकारियों ने बताया कि साहिबगंज के उपायुक्त रामनिवास यादव से भी राज्य में गैरकानूनी खनन से जुड़े धनशोधन के मामले में रविवार को लगातार दूसरे दिन पूछताछ की।