गुजरात की सूरत लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार के निर्विरोध जीत के बाद प्रदेश की 26 में से 25 लोकसभा सीटों के लिये अब 265 उम्मीदवार मैदान में हैं, जहां सात मई को मतदान होगा। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि सोमवार 22 अप्रैल को नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि थी।
कांग्रेस उम्मीदवार का नामांकन रद्द होने और अन्य सभी प्रत्याशियों के अपने नामांकन वापस लेने के बाद गुजरात की सूरत लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी मुकेश दलाल निर्विरोध निर्वाचित घोषित किये गये हैं।
गुजरात के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया, 12 से 19 अप्रैल के बीच 26 लोकसभा सीटों के लिए कुल 433 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। इसके अलावा, पांच विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए 37 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र जमा किये।
इसमें कहा गया, 20 और 21 अप्रैल को हुई जांच प्रक्रिया के दौरान 105 लोकसभा उम्मीदवारों के नामांकन पत्र खारिज कर दिए गए, जिससे संख्या घटकर 328 रह गई। इसी तरह, विधानसभा उपचुनाव के लिए 27 उम्मीदवार जांच के बाद पात्र पाए गए। विज्ञप्ति में कहा गया है कि सोमवार तक 62 योग्य लोकसभा उम्मीदवारों ने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया, जिसके बाद (मुकेश दलाल सहित) 266 उम्मीदवार बचे हैं।