Saturday 13-Jun-2026

बिहार में फिर गिर गया पुल, पानी के तेज बहाव में 1.25 करोड़ की लागत से बना ब्रिज ध्वस्त

बिहार में फिर गिर गया पुल, पानी के तेज बहाव में 1.25 करोड़ की लागत से बना ब्रिज ध्वस्त

अररिया, इंपैक्ट लाइव टीम।

बिहार में इन दिनों पुल गिरने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में अररिया जिले में परमान नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी के कारण अम्हारा पंचायत के वार्ड 13 में गोपालपुर मझुआ से अम्हारा हाट होकर जाने वाली ग्रामीण सड़क पर बना दो पाया का पुल पानी के दबाव से ध्वस्त हो गया। इससे करीब 15 गांव के लोगों की आवाजाही बाधित हुई है। अब ग्रामीणों को दो किमी दूर फारबिसगंज-खबासपुर मुख्य मार्ग होकर आवाजाही करनी होगी। ध्वस्त हुए पुल में दो पिलर थे। करीब 1.25 करोड़ की लागत से इस पुल का शिलान्यास स्थानीय सांसद प्रदीप कुमार सिंह द्वारा किया गया था। करीब 10 साल पुराना इस पुल की लंबाई करीब 30 से 35 फीट है।

ग्रामीणों ने बताया कि 10-12 साल पूर्व 30-35 फीट लंबे इस पुल का निर्माण किया गया था, लेकिन गुणवत्ताविहीन काम होने के कारण वह पानी का दवाब नहीं झेल पाया। जानकारी मिलने के बाद मंगलवार को पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीणों ने घटनास्थल पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बताया कि पुल के टूटने और पानी की तेज धार में बहने से मझुआ का करीब 15 गांवों से संपर्क कट गया है। पंचायत जनप्रतिनिधियों ने विभाग के आलाधिकारियों को पुल ध्वस्त होने की जानकारी देते हुए नये पुल निर्माण कराने की मांग करते हुए नारेबाजी भी की। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षों पूर्व बने इस पुल का कभी मेंटेनेंस नहीं किया गया जिस कारण यह धराशायी हो गया।

impact add5

पुल पुराना था, पैदल चलना भी था वर्जित
वहीं ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता प्रवीण कुमार ने बताया कि पुल काफी पुराना था। क्षतिग्रस्त स्थल पर विभाग ने पुल क्षतिग्रस्त है, वाहन और पैदल चलना वर्जित है का सूचना पट्ट भी लगाया है। उन्होंने बताया कि विभाग ने मुख्यालय को इस पुल की चेक लिस्ट भेजी है।