पटना, इंपैक्ट लाइव टीम।
इत्तेहादे मिल्लत काउंसिल के अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा के हिंदू लड़के-लड़कियों का धर्म परिवर्तन कराने वाले बयान पर हंगामा मच गया है। वहीं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने तौकीर रजा पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनको सबक सिखाना जरूरी है, क्योंकि भारत का विभाजन हुआ तब अगर उन्हें (मुसलमानों) यहां ना रहने दिया गया होता तो आज यह नौबत ही नहीं आती। गिरिराज सिंह ने आगे कहा कि साजिश के तहत इनको यहां रोका गया, जिससे आज ऐसी स्थिति पैदा कर सकें। गिरिराज सिंह ने तौकीर रजा को चेतावनी दी कि वे हिंदुओं का इम्तिहान न लें, बहुत जल्दी यह विस्फोट होगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह गलती हुई है कि जब देश का विभाजन धर्म के आधार पर हुआ और फिर भी मुसलमानों को यहां रहने दिया गया।
दरअसल, तौकीर रजा ने हाल ही में ऐलान किया था कि वे 21 जुलाई को पांच जोड़ों का इस्लाम में धर्म परिवर्तन करवाने वाले हैं। तौकीर रजा ने ऐलान किया है कि उनके पास बड़ी संख्या में हिन्दू धर्म के लोग इस्लाम धर्म कबूल करने के लिए आ रहे हैं। इसलिए अब एक साथ 5 हिंदू लड़के-लड़कियों का धर्म परिवर्तन करवाकर उनका निकाह पढ़वाया जाएगा। तौकीर रजा ने यह भी कहा है कि इस काम को करने के लिए जिला प्रशासन से इजाजत मांगी गई है। तौकीर रजा के इस ऐलान पर केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता गिरिराज सिंह भड़क उठे हैं।
गिरिराज सिंह ने हाल ही में सुप्रीम कोर्ट के मुस्लिम महिलाओं को भत्ता देने के फैसले का जिक्र करते हुए पूछा कि इस पर ममता बनर्जी, राहुल गांधी और अखिलेश यादव चुप क्यों हैं। ममता बनर्जी पर गिरिराज सिंह ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वह बंगाल को बांग्लादेश और पाकिस्तान बनाने की तैयारी कर रही हैं। ममता बनर्जी को हिंदुओं पर भरोसा नहीं है। अब देश में अगर कोई नया राज्य बनेगा तो वह मुस्लिम प्रदेश बनाया जाएगा।