Saturday 13-Jun-2026

बिहार समेत 7 राज्यों की 13 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव का ऐलान, नामांकन से लेकर काउंटिंग तक का जानें पूरा कार्यक्रम

बिहार समेत 7 राज्यों की 13 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव का ऐलान, नामांकन से लेकर काउंटिंग तक का जानें पूरा कार्यक्रम

चुनाव आयोग ने सोमवार को सात राज्यों की 13 रिक्त विधानसभा सीटों के लिए 10 जुलाई को उपचुनाव कार्यक्रम की घोषणा की। आयोग की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार हिमाचल प्रदेश की डेहरा, हमीरपुर और नालागढ़, पंजाब की जालंधर पश्चिम (अजा), बिहार की रुपौली, पश्चिम बंगाल की रायगंज , रानाघाट(अजा) और बगदा (अजा) और माणिकतला, मध्य प्रदेश की अमरवाड़ा (अजजा) , उत्तराखंड की बद्रीनाथ और मंगलौर तथा तमिलनाडु की विक्रवांडी सीट के लिए उपचुनाव की अधिसूचना 14 जून को जारी की जायेगी।

कार्यक्रम के अनुसार उपचुनाव के लिए नामांकन पत्र 21 जून तक भरे जा सकेंगे और उनकी जांच 24 जून को की जायेगी। नामांकन पत्रों की वापसी की अंतिम तिथि 26 जून होगी। मतदान 10 जुलाई को कराये जाएंगे और मतगणना 13 जुलाई को होगी। आयोग ने कहा है कि उपचुनावों की पूरी प्रक्रिया 15 जुलाई तक पूरी कर ली जाएगी।

गौरतलब है कि बिहार की रुपौली विधानसभा सीट बीमा भारती के इस्तीफे के कारण खाली हुई थी। लोकसभा चुनाव 2024 में पूर्णिया से चुनाव लड़ने के लिए उन्होंने रुपौली विधानसभा से इस्तीफा दे दिया था। पूर्णिया लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में उतरीं बीमा भारती की जमानत जब्त हो गई और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पप्पू यादव ने जीत हासिल की। बीमा भारती रुपौली सीट पर पांच बार विधायक रह चुकी हैं।