Monday 15-Jun-2026

आरा में मर्डर, इंटर के छात्र की गोली मारकर हत्या; दोस्तों पर मर्डर का आरोप

आरा में मर्डर, इंटर के छात्र की गोली मारकर हत्या; दोस्तों पर मर्डर का आरोप

बिहार के आरा में इंटर के छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मृतक के परिजनों ने दोस्तों पर ही वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है। वहीं सभी आरोपी सभी घटना के बाद से फरार बताए जा रहे हैं। घटना नवादा थाना क्षेत्र के बहिरो गैस एजेंसी के पास की है। मृतक बहिरो मुहल्ला निवासी बुद्धदेव उर्फ बुधन पासवान के 17 वर्षीय पुत्र शाहिल उर्फ भोला पासवान है। हत्या की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल भी शुरू कर दी है।

मृतक के पिता बुद्धदेव उर्फ बुधन पासवान ने बताया कि मेरा बेटा कल रात करीब 8 बजे अपने तीन दोस्तों के साथ पास के गोठउला गांव में आयोजित यज्ञ देखने के लिए गया हुआ था। जब देर रात तक वो घर नहीं आया तो हमलोग उसे ढूंढने के लिए निकले लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल पाया। इसके बाद सोमवार की सुबह बालू ढ़ोने वाले ट्रैक्टर चालकों ने शव को देखा।

पिता के अनुसार जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंचे तो देखा कि छात्र के गर्दन के पीछे गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मृतक के पिता को तीन दोस्तों पर हत्या करने का शक है। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार हैं। हालांकि किस कारण हत्या की गई है इसका खुलासा नहीं हो पाया है।