Saturday 13-Jun-2026

पप्पू यादव ने की प्रियंका गांधी से मुलाकात, कांग्रेस को लेकर कह दी बड़ी बात

पप्पू यादव ने की प्रियंका गांधी से मुलाकात, कांग्रेस को लेकर कह दी बड़ी बात

बिहार की पूर्णिया लोकसभा सीट से निर्दलीय जीतकर सांसद बने पप्पू यादव ने सोमवार को कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी से मुलाकात की। प्रियंका गांधी से हुई मुलाकात को लेकर पप्पू यादव ने कहा कि बिहार के चुनाव परिणाम पर उन्होंने चर्चा की। प्रियंका गांधी से मुलाकात की तस्वीर पप्पू यादव ने सोशल मीडिया मंच एक्श पर शेयर की है। उन्होंने लिखा है कि ओजस्वी वक्ता बेमिसाल नेत्री कांग्रेस महासचिव आदरणीय प्रियंका गांधी जी से मुलाक़ात हुई। देश और बिहार की राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा हुई। एक ही संकल्प है,इस बार सौ पार, अगली बार कांग्रेस बहुमत पार,बनाना है INDIA गठबंधन की मज़बूत सरकार।वंचितों ग़रीबों के नायक राहुल जी बनेंगे PM।

इससे पहले पप्पू यादव ने केंद्र में बनी नई सरकार को लेकर कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को विशेष पैकेज मांगना चाहिए। उन्होंने कहा कि आरएसएस नहीं चाहेगा कि यह सरकार ठीक से चले। केंद्र को निशाने पर लेते हुए पप्पू यादव ने कहा कि इस मंत्रिमंडल के पास कोई विजन नहीं है।

वहीं दूसरी ओर पप्पू यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई भी दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि पीएम मोदी जी और मंत्रिपरिषद के साथियों को बधाई! PM साहब आप शपथ ग्रहण के बाद पहला निर्णय प्रतिभावान युवाओं के साथ जो विश्वासघात NEET के एग्जाम में हुआ है उस पर लें विचार करें जम्मू में श्रद्धालुओं पर आतंकी हमला क्यों हुआ? नोटबंदी, धारा 370 खत्म होने के बाद आतंकवाद की कमर नहीं टूटी?

गौरतलब है कि बिहार के विशेष पैकेज की मांग लगातार हो रही है। केंद्र में नई सरकार के गठन से पहले जेडीयू नेता केसी त्यागी ने भी इसकी बात कही थी। उन्होंने तो अग्निवीर योजना पर भी समीक्षा की बात कही थी। अब नई सरकार के शपथ ग्रहण के बाद एक तरफ जहां पप्पू यादव ने नीतीश कुमार को कहा है कि विशेष पैकेज मांगना चाहिए।