Saturday 13-Jun-2026

काराकाट में पवन सिंह के कारण हारे लोकसभा चुनाव? उपेंद्र कुशवाहा बोले- सच्चाई सबको पता है

काराकाट में पवन सिंह के कारण हारे लोकसभा चुनाव? उपेंद्र कुशवाहा बोले- सच्चाई सबको पता है

लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजों का ऐलान हो चुका है। कई सीटों पर आए चौंकाने वाले परिणाम सामने आए हैं। वहीं बिहार की काराकाट सीट पर देशभर की नजर थी, जहां भोजपुरी स्टार पवन सिंह बीजेपी से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे थे। इस सीट पर एनडीए उम्मीदवार उपेंद्र कुशवाहा को जिताने के लिए खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी आए थे लेकिन जब नतीजे आए तो वह तीसरे स्थान पर चले गए। इस बीच उपेंद्र कुशवाहा ने हार के लिए सीधे तौर पर पवन सिंह को जिम्मेदार ठहराया गया था।

गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि पवन सिंह को लेकर अब वह क्या बोलेंगे। सोशल मीडिया का जमाना है, लिहाजा सभी को सब कुछ पता है। वह (पवन सिंह) कोई फैक्टर थे या नहीं। वह खुद चुनाव लड़े या उनको लड़ाया गया, ये सब बताने की अब क्या जरूरत है, क्योंकि सच्चाई हर किसी को पता है।

उन्होंने कहा कि सारी बातें सबको पता है। अब कुछ कहने की जरूरत नहीं है। चूक हुई या नहीं, यह सभी को पता है। फैक्टर बना या बनाया गया यह भी सब जानते हैं। आज कल सोशल मीडिया का युग है, ऐसे में किसी को कुछ बताने की ज़रूरत नहीं है।

गौरतलब है कि काराकाट सीट पर सीपीआई माले उम्मीदवार राजाराम सिंह कुशवाहा ने बड़ी जीत हासिल की है। पवन सिंह दूसरे और उपेंद्र कुशवाहा तीसरे स्थान पर रहे हैं। माना जा रहा है कि एनडीए का कोर वोट बैंक राजपूत काफी हद तक पवन सिंह के साथ चला गया, जिस वजह से कुशवाहा को हार का सामना करना पड़ा।