Saturday 13-Jun-2026

बिहार के लोग आज भी नीतीश कुमार के नेतृत्व को पसंद करते हैं: विजय चौधरी

बिहार के लोग आज भी नीतीश कुमार के नेतृत्व को पसंद करते हैं: विजय चौधरी

जदयू के वरिष्ठ नेता व संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा है कि 2024 लोकसभा चुनाव में बिहार के नतीजे को स्पष्ट नहितार्थ और संदेश हैं। पहला यह है कि बिहार की जनता ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के फिर से एनडीए में जाने के फैसले को सही मानकर ठप्पा लगा दिया है। दूसरे, आज भी बिहार के लोग नीतीश कुमार के नेतृत्व एवं उपलब्धियां को पसंद करते हैं। श्री चौधरी बुधवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बोल रहे थे। इस मौके पर जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा व अन्य नेतागण उपस्थित थे।

विजय चौधरी ने कहा कि बिहार में एनडीए की शानदार जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता और उनके काम के साथ-साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकासकार्यों का मिलाजुला परिणाम है। इस चुनाव में हमारी पार्टी के प्रदर्शन को लेकर लोग तरह-तरह की बातें करते थें लेकिन चुनाव परिणाम आने के बाद अब विरोधियों की आंखें खुल गई है। यह स्पष्ट है कि 20 वर्षों के बाद भी नीतीश की लोकप्रियता एवं विश्वसनीयता आज भी जनता के दिलों में बरकरार है। चुनाव का नतीजा अगले वर्ष बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भी शुभ संकेत है। 2025 में बिहार विधानसभा का चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही एनडीए लड़ेगा।

मीडिया के सवाल पर उन्होंने कहा कि जदयू पूरी मजबूती के साथ एनडीए में है और रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि लोकसभा चुनाव में कुछ सीटों पर हमलोगों की हार हुई है, जिसका मलाल है। पर, कुल मिलाकर आया परिणाम संतोषप्रद है, जिसके लिए बिहार की जनता को साधुवाद है। मौके पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बिहार में एनडीए गठबंधन की शानदार जीत जदयू एवं एनडीए कार्यकर्ताओं के जीतोड़ परिश्रम का परिणाम है। एनडीए पर विश्वास जताने के लिए बिहार समेत देशभर की जनता का आभार है।