Thursday 14-May-2026

NEET Paper Leak मामले में सीबीआई की पहली बड़ी कार्रवाई, मनीष प्रकाश और आशुतोष गिरफ्तार

NEET Paper Leak मामले में सीबीआई की पहली बड़ी कार्रवाई, मनीष प्रकाश और आशुतोष गिरफ्तार

नीट पेपर लीक मामले में सीबीआई की ओर से बड़ी कार्रवाई की गई है। सीबीआई ने गुरुवार को पटना से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। सीबीआई ने माना है कि मनीष प्रकाश और आशुतोष की पेपर लीक कांड में संलिप्तता है। केस लेने के बाद सीबीआई की यह पहली कार्रवाई है। इसी आधार पर इन्हें पकड़ा गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मनीष प्रकाश को सीबीआई ने पूछताछ के लिए बुलाया था। पूछताछ के दौरान ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया। सीबीआई ने इसकी आधिकारिक सूचना मनीष प्रकाश की पत्नी को फोन करके दी।

नीट पेपर लीक कांड मामले में मनीष प्रकाश का रोल यह है कि इसने ही पटना के खेमनीचक स्थित लर्न प्ले स्कूल में बच्चों को ठहराया था। वही प्रश्न पत्र लाकर बच्चों को दिया थे। चार मई की रात में उन्हें रटवाया गया था। वहीं आशुतोष ने ही रविवार को एक न्यूज चैनल के सामने अपना और मनीष का गुनाह कुबूल किया था।

गौरतलब है कि इस केस की जांच पहले बिहार की आर्थिक अपराध इकाई की टीम कर रही थी। अब इस केस को सीबीआई को सौंप दिया गया है। सीबीआई की टीम झारखंड के हजारीबाग में भी कई लोगों से पूछताछ करने बीते बुधवार को पहुंची थी। गुरुवार को भी पूछताछ जारी रही। इस कांड का मास्टरमाइंड संजीव मुखिया अभी फरार है।