लोकसभा चुनाव में बिहार में बीजेपी के खराब प्रदर्शन को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता सह पूर्व केंद्रीय मंत्री संजय पासवान की ओर से बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि अगर नीतीश कुमार एनडीए के साथ नहीं होते तो बिहार में भाजपा शून्य पर आउट हो जाती। संजय पासवान के बयान का नीतीश कुमार के मंत्री जमा खान ने समर्थन करते हुए कहा कि हमलोग तो चाहते थी कि वो प्रधानमंत्री बने, लेकिन नीतीश कुमार ने त्याग किया। नीतीश कुमार ने कहा कि नहीं हम एनडीए के साथ रहकर सरकार बनाएंगे।
जमा खान ने कहा कि नीतीश कुमार के आने से पहले बिहार की क्या हालत थी ये सबको पता है। कोई भी विभाग हो नीतीश कुमार की नजर सबपर रहती है। जो गड़बड़ करता है वो बचता नहीं है। नीतीश कुमार ने पहले ही ऐलान कर दिया है कि जो गड़बड़ करेगा और जांच में पाया जाएगा, वो बचेगा नहीं। दूसरी पार्टी में भी सच बोलने वाले लोग होते हैं। संजय पासवान जी ने भी सच बोला है। उन्होंने जो बोला है वो वाकई सच है।
जमा खान ने आगे कहा कि नीतीश कुमार के कारण हमें सम्मान मिला और केंद्र में सरकार बनी है। केंद्र में एनडीए की सरकार नेता नीतीश कुमार की देन है। नीतीश कुमार को बिहार और देश पसंद करता है। नीतीश कुमार सादगी के लिए जाने जाते हैं। उनपर जनता और ऊपर वाले का आशीर्वाद है। प्रधानमंत्री नहीं बनकर नीतीश कुमार ने त्याग किया है।