Wednesday 24-Jun-2026

अमेठी से अपना प्रत्याशी घोषित करने का साहस नहीं जुटा पा रही है कांग्रेस : स्मृति ईरानी

अमेठी से अपना प्रत्याशी घोषित करने का साहस नहीं जुटा पा रही है कांग्रेस : स्मृति ईरानी

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के आगामी लोकसभा चुनाव में अमेठी सीट से एक बार फिर चुनाव लड़ने की तैयारी के दावों के बीच, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने बुधवार को कहा कि ये पार्टी अमेठी से अपना प्रत्याशी घोषित करने का साहस नहीं जुटा पा रही हैं, उससे जाहिर होता है कि उन्हें पराजय का डर है। ईरानी ने अमेठी के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में सांसद महिला खेलकूद प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए।

इस कार्यक्रम के बाद उन्होंने राहुल गांधी के अमेठी से चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा कि मुझे फिलहाल यह नहीं मालूम है कि कौन चुनाव लड़ेगा लेकिन जिस तरीके से कांग्रेस के लोग यहां से प्रत्याशी घोषित करने का साहस नहीं जुटा पा रहे हैं उससे प्रतीत होता है कि उन्हें अमेठी की शक्ति और पराजय का डर सता रहा है। यही उनकी हार का स्पष्ट संकेत है।

उन्होंने लंबे अर्से तक अमेठी से कांग्रेस सांसद रहे राहुल गांधी की तरफ इशारा करते हुए कहा कि मैं वर्ष 2014 में अमेठी की राजनीति में आई लेकिन मैं नामदारों से चुनाव हार गई थी। मैं कामदारों में हूं। मैं अमेठी के लोगों की सेवा करती रही और मुझे भारतीय जनता पार्टी ने 2019 में दूसरी बार यहां सेवा का मौका दिया और अमेठी ने मुझे स्वीकार करते हुए चुनाव जिताया।

राहुल गांधी के एक बार फिर अमेठी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की चर्चाएं तेज हो गयी हैं। कांग्रेस की अमेठी इकाई के अध्यक्ष प्रदीप सिंघल के मुताबिक राहुल गांधी 2024 का लोकसभा चुनाव अमेठी से लड़ेंगे। दिल्ली में हुई अहम बैठक के बाद वापस लौटे कांग्रेस के जिला अध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने बुधवार को बताया कि राहुल गांधी ही अमेठी से कांग्रेस उम्मीदवार होंगे जिसकी घोषणा शीघ्र की जायेगी। चुनाव की तैयारी शुरू कर दी गयी है। कार्यकर्ता अपनी-अपनी जिम्मेदारी को निभाने की तैयारी कर रहे हैं।