Saturday 13-Jun-2026

फंदे से झूलकर दंपती ने की आत्महत्या, 9 वर्ष पहले हुई थी शादी; नहीं थी कोई संतान

फंदे से झूलकर दंपती ने की आत्महत्या, 9 वर्ष पहले हुई थी शादी; नहीं थी कोई संतान

फतुहा के किसमिरिया स्थित एक पुलिया से लटक कर पति-पत्नी ने आत्महत्या कर ली। घटना मंगलवार की पूर्वाह्न करीब 11 बजे की है। बताया जाता है कि शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के काजीबीघा निवासी पिंटू कुमार (30) अपनी पत्नी आभा (28) के किसी बात को लेकर मंगलवार को झगड़ा हुआ, जिसके बाद दोनों ने यह कदम उठाया। पहले पति ने, फिर पत्नी ने फंदे से लटकर जान दे दी। दोनों की शादी करीब 9 वर्ष पूर्व हुई थी, लेकिन उनको कोई संतान नहीं। दोनों दनियावां में सत्तू बेचकर जीवन यापन करते थे।

ग्रामीण बताते हैं कि दोनों में बहुत प्रेम था। संभवत: किसी बात पर उनमें झगड़ा हो गया। इसके बाद बुधवार की सुबह पति पिंटू घर से निकला और पत्नी आभा से कहा कि मैं आत्महत्या करने जा रहा हूं। आभा समझी की यूं गुस्से में उसने आत्महत्या की बात कही है और वह अपने घर के काम में व्यस्त हो गई। पिंटू के काफी देर बाद भी लौटकर नहीं आने पर आभा उसे खोजने निकली। इसी दौरान घर से कुछ दूरी पर उसकी नजर फतुहा थाना के किसमिरिया स्थित एक पुलिया के एंगल से लटके पिंटू की लाश पर पड़ी। इसके बाद उसने अपने मायके वालों को फोन पर घटना की जानकारी दी और खुद भी उसी जगह दुपट्टे से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।

एकांत रहने के कारण काफी देर बाद ग्रामीणों की नजर दोनों की लाश पर पड़ी। इसके बाद फतुहा पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही डीएसपी, थानाध्यक्ष सदलबल मौके पर पहुंचे और दोनों की लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।