पटना, इंपैक्ट लाइव रिपोर्टर।
बिहार में पिछले 48 घंटों के भीतर कई जिलों में जोरदार बारिश के साथ आसमानी आफत भी बरसी। ठनका गिरने से गुरुवार को 25 लोगों की मौत गई, जबकि 31 अन्य झुलस गए। बुधवार को आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 32 लोगों की जान चली गई थी। बता दें कि गुरुवार को मधुबनी में 5, औरंगाबाद में 4, सुपौल-नालंदा में 3-3 और पटना-लखीसराय में 2-2 लोगों की मौत हो गई। वहीं, जमुई, सासाराम, गोपालगंज, बेगूसराय, पूर्णिया और समस्तीपुर में 1-1 की जान चली गई।
मधुबनी जिले में पांच लोगों की मौत हो गई। औरंगाबाद जिले में दो महिला और दो पुरुष समेत चार लोगों ने ठनका की चपेट में आकर अपनी जान गंवा दी। नालंदा में वज्रपात से पकड़िया, कतरीसराय और अस्थावां में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई। सुपौल जिले में तीन लोग वज्रपात के शिकार हो गए । वहीं, लखीसराय के चानन और हलसी में एक-एक व्यक्ति ने जान गंवा दी। पटना के धनरुआ व परसा बाजार में दो लोगों की मौत हो गई। उधर सासाराम के संझौली, बेगूसराय के परिहारा, गोपालगंज, समस्तीपुर, जमुई और पूर्णिया में एक-एक की जान चली गई।
भोजपुर में स्कूल के पीछे गिरा ठनका, 18 छात्राएं बीमार
भोजपुर के तरारी प्रखंड के बड़कागांव प्लस टू विद्यालय से सटे ताड़ के पेड़ पर ठनका गिरने से 18 छात्राओं की हालत बिगड़ गई। दहशत के चलते छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई और सभी गिरकर तड़पने लगीं। सभी को आनन-फानन में तरारी सामुदायिक स्वास्थ्य उपकेंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। इनमें सात को गंभीर स्थिति में रेफर कर दिया गया।