पटना, इंपैक्ट लाइव टीम।
पूर्व मध्य रेल और ईस्टर्न रेलवे का सर्वर शुक्रवार (12 जुलाई) की सुबह से ठप हो गया है। बताया जा रहा है कि सुबह 4 बजकर 55 मिनट से रेलवे की ऑनलाइन और ऑफलाइन टिकट सर्वर ठप होने के कारण नहीं कट रही है। टिकट नहीं कटने से लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे टिकट काउंटर पर भी लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली।
पटना जंक्शन की बात करें तो सर्वर फेल होने के कारण रेल यात्रियों की टिकट काउंटर पर लंबी कतार लगी रही। आरक्षण टिकट बुकिंग काउंटर पूरी तरह से प्रभावित हो गया है। सुबह से ही काफी संख्या में लोग आरक्षण टिकट के लिए पटना जंक्शन पर पहुंचने लगे और जैसे ही काउंटर खुलने के बाद रेल कर्मियों ने अपने सिस्टम को ऑन किया तो उन्हें सर्वर फेल मिला।
इस संबंध में मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने बताया कि शुक्रवार (12 जुलाई) की सुबह 4.55 बजे से PRS ((Passenger Reservation System) में आई तकनीकी समस्या का समाधान कर लिया गया है और 11.15 बजे से PRS Ticketing की सुविधा बहाल हो गयी है।
गौरतलब है कि पूर्व मध्य रेलवे (ईसीआर) भारत के 16 रेलवे जोनों में से एक है। इसका मुख्यालय हाजीपुर में है और इसमें सोनपुर, समस्तीपुर, दानापुर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और धनबाद डिवीजन शामिल हैं। वहीं ईस्टर्न रेलवे का मुख्यालय कोलकाता है। इसमें हावड़ा, सियालदह, आसनसोल, मालदा डिवीजन शामिल है। इन तमाम डिवीजन के यात्रियों को यात्रा करने के लिए टिकट की लंबी लाइन लगानी पड़ी, फिर भी टिकट नहीं मिली। कुछ लोग तो निराश होकर अपने घरों को लौट गए. कईयों ने अपनी आज की यात्रा ही रद्द कर दी।