पटना, इंपैक्ट लाइव टीम।
उद्योगपति मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी की शुक्रवार (12 जुलाई) को होने वाली शादी में शामिल होने के लिए देश और दुनिया से तमाम दिग्गज मुंबई पहुंचे हैं। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और उनका परिवार भी चार्टर्ड प्लेन से मुंबई पहुंचे हुए हैं। मुकेश अंबानी के बेटे की शादी में लालू परिवार मुंबई गया तो जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने बड़ा हमला कर दिया।
लालू परिवार के चार्टर्ड प्लेन से मुंबई रवाना होने पर प्रशांत किशोर ने तंज कसते हुए कहा कि नेताजी का बेटा हेलिकॉप्टर पर घूमेगा और आपके लड़के के पैर में चप्पल भी नसीब नहीं हो रहा है। ये आपके गलत वोट की निशानी है। प्रशांत किशोर शुक्रवार को सहरसा जिले के सोनबरसा ब्लॉक में पहुंचे और बरैठ गांव में राम जानकी मंदिर के मैदान में जन संवाद कर लोगों को वोट की ताकत का एहसास दिलाया।
VIDEO: लालू परिवार भी अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की शादी में होगा शामिल, सभी मुंबई के लिए रवाना
उन्होंने कहा कि रास्ते में गांव के अगर 100 बच्चे दिखे तो आधे से ज्यादा बच्चों के शरीर पर शुद्ध कपड़ा नहीं है। आपके जितने छोटे बच्चे यहां घूम रहे हैं, देख लीजिए ज्यादातर बच्चों के पैर में हवाई चप्पल भी नहीं है। पीके ने कहा कि लोग कहते हैं कि हम इतने गरीब हैं कि अपने बच्चों की चिंता कैसे करें? लेकिन कल वोट देने जाइएगा तो अपने इसी बच्चे का चेहरा याद नहीं रहेगा, नेताजी का चेहरा याद रहेगा।
प्रशांत किशोर ने संवाद के दौरान लोगों से कहा कि आपको एक मंत्र बता रहे हैं, वोट जिसे देना है दीजिए, लेकिन एक बार मेरी सलाह जरूर मानिए. वोट देते समय सिर्फ और सिर्फ अपने बच्चों का चेहरा याद रखिए. अपने बच्चों के लिए वोट दीजिए।
पीके ने कहा कि आपने वोट दिया जाति के नाम पर, आपने वोट दिया विचारधारा के नाम पर, आपने वोट दिया हिंदू-मुसलमान बनकर, आपने वोट दिया लालू का, नीतीश का और मोदी का चेहरा देखकर, फिर भी आपका जीवन नहीं सुधरा. एक बार मेरी बात मानिए। आपने लालू जी का चेहरा देखकर वोट दिया, तो भैंस चराने वाले लालू जी बिहार के राजा हो गए। आपके वोट में इतनी ताकत है, जिसे चाहे उसे राजा बना दें। एक बार लालू, नीतीश, मोदी, प्रशांत किशोर का चेहरा भूलिए।