Monday 25-May-2026

दिल्ली कोचिंग हादसे का बिहार में असर, एक्शन में पटना डीएम; 20 हजार कोचिंग संस्थानों की जांच के आदेश

दिल्ली कोचिंग हादसे का बिहार में असर, एक्शन में पटना डीएम; 20 हजार कोचिंग संस्थानों की जांच के आदेश

पटना, इंपैक्ट लाइव टीम।

दिल्ली के एक कोचिंग संस्थान के बेसमेंट में पानी भर जाने से तीन छात्र-छात्राओं की मौत के बाद बिहार की राजधानी पटना में भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पटना जिले में चल रहे सभी बड़े-छोटे लगभग 20 हजार कोचिंग संस्थानों की जांच के आदेश दिए गए हैं। जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने अनुमंडल पदाधिकारियों के नेतृत्व में छह टीमें गठित की।

जिलाधिकारी ने बताया कि दिल्ली के कोचिंग संस्थान में हुई घटना को देखते हुए यहां भी सतर्कता जरूरी है, इसीलिए अनुमंडल पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में कोचिंग संस्थानों की जांच करने का आदेश दिया गया है। छह टीमें बनाई गई हैं। इन टीमों का नेतृत्व संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी करेंगे। टीम में संबंधित नगर परिषद या नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी, प्रखंड या अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी, थाना प्रभारी, अग्निशमन पदाधिकारी, अंचलाधिकारी को शामिल किया गया है। प्रत्येक टीम अपने-अपने क्षेत्र में मंगलवार से जांच कार्य शुरू करेगी। दो सप्ताह में रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।

impact add1

रिपोर्ट में यदि कोचिंग संस्थान मानक के अनुरूप नहीं मिले तो उन्हें बंद किया जाएगा। डीएम ने बताया कि समय-समय पर कोचिंग संस्थानों के संचालन के लिए गाइडलाइन जारी की जाती है। एक बार सभी की नए सिरे से जांच करना जरूरी है।