Saturday 13-Jun-2026

बिहार में डबल इंजन पटरी से उतरता जा रहा है, कांग्रेस अध्यक्ष के निशाने पर बीजेपी-जेडीयू

बिहार में डबल इंजन पटरी से उतरता जा रहा है, कांग्रेस अध्यक्ष के निशाने पर बीजेपी-जेडीयू

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू के साथ भाजपा के गठबंधन को अस्थिर बताते हुए आरोप लगाया कि तथाकथित डबल इंजन (सरकार) 'लगातार दुर्घटनाओं का शिकार हो रहा है, जिससे ट्रेन के डिब्बे ख़राब हो रहे हैं।' खरगे ने यह टिप्पणी राज्य की कटिहार लोकसभा सीट पर पार्टी के प्रत्याशी पूर्व केंद्रीय मंत्री तारिक अनवर के पक्ष में एक रैली को संबोधित करते हुए की।

कांग्रेस अध्यक्ष ने नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा, बिहार में तथाकथित डबल इंजन (सरकार) लगातार दुर्घटनाओं का शिकार हो रहा है, जिससे ट्रेन के डिब्बे ख़राब हो रहे हैं। खरगे ने कहा, हमारे सहयोगी, राजद नेता तेजस्वी यादव अक्सर इस बात पर अफसोस जताते हैं कि चाचा (नीतीश कुमार) भाग गए। उन्हें मेरी सलाह है कि उन्हें अपने चाचा के साथ गठबंधन के लिए सहमत ही नहीं होना चाहिए था क्योंकि ऐसा लगता है कि उनकी (नीतीश कुमार की) कोई विचारधारा या सिद्धांत नहीं है और वह अपनी सुविधा के अनुसार सहयोगी बदलते रहते हैं।

खरगे ने कहा,कटिहार एक जमाने में अपनी कपड़ा मिल के लिए मशहूर था, जिसमें हजारों लोगों को रोजगार मिलता था। लेकिन भाजपा सरकार ने धीरे-धीरे इसे बंद कर दिया। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल में बिहार को कुछ नहीं मिला क्योंकि वह सिर्फ तोड़-फोड़कर सरकार बनाते रहे। उन्होंने लोगों से कहा, आज फिर से भाजपा-जदयू मिलकर आपको ठगने की कोशिश कर रहे हैं, आपको उनसे सावधान रहना है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश की आजादी के लिए लड़ाई लड़ी, आजादी हासिल की और फिर देश में लोकतंत्र को मजबूत किया। उन्होंने कहा, कांग्रेस के कुछ उसूल हैं, जिनके साथ हम आगे बढ़ते हैं और जिनकी रक्षा के लिए हम लड़ते रहते हैं। लेकिन भाजपा के लोग आरएसएस के एजेंडे को देश पर थोपना चाहते हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, नरेन्द्र मोदी कहते हैं- भाइयों-बहनो.. मैं आपके लिए अच्छे दिन लाऊंगा। लेकिन एक तरफ पेट्रोल-डीजल, आटा-दूध सब महंगे हो गए हैं। दूसरी तरफ हमारे नौजवान नौकरी के लिए तरस रहे हैं। क्या यही अच्छे दिन हैं?