पटना, इंपैक्ट लाइव टीम।
बिहार के मधुबनी जिले के झंझारपुर के पूर्व विधायक गुलाब यादव के आवास पर ईडी की छापेमारी हुई है। पैतृक आवास झंझारपुर के ग्राम गंगापुर के अलावा गुलाव यादव के पटना एवं पुणे आवास पर ईडी ने छापेमारी की है। बताया जा रहा है कि ईडी ने पूर्व विधायक गुलाब यादव के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत यह कार्रवाई की है। वहीं बिहार के सीनीयर आईएएस अधिकार संजीव हंस के ठिकानों पर भी ईडी ने छापेमारी की है। संजीव हंस ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव हैं।
बता दें कि गुलाब यादव की पुत्री बिंदु गुलाब यादव जिला परिषद अध्यक्ष हैं, जबकि पत्नी अंबिका गुलाब यादव मधुबनी से एमएलसी हैं। जानकारी के अनुसार सुबह 5 बजे ही टीम आवास पर पहुंची थी। घर में गुलाब यादव नहीं थे, जिसके बाद ईडी ने बेटी और पत्नी से पूछताछ शुरू की।
गौरतलब है कि गुलाब यादव झंझारपुर से वर्ष 2015 से 2020 तक विधायक रह चुके हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्रा के बेटे सह वर्तमान में बिहार सरकार में उद्योग मंत्री नीतीश मिश्रा को चुनाव में हराया था। उसके बाद उन्होंने वर्ष 2019 विधायक रहते हुए आरजेडी के टिकट पर लोकसभा का चुनाव भी लड़ा था, लेकिन हार गए। उसके बाद उनकी बेटी बिंदु गुलाब यादव 2021 में जिला परिषद में चुनाव जीतकर 3 जनवरी 2022 को जिला परिषद की अध्यक्ष बनीं। साथ ही उसी वर्ष अप्रैल 2022 में ही गुलाब यादव की पत्नी अंबिका गुलाब यादव भी मधुबनी से एमएलसी चुनी गईं।