रांची के बड़गाई अंचल के 8.46 एकड़ जमीन घोटाले में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की 13 दिनों की ईडी रिमांड की अवधि समाप्त होने पर गुरुवार को पीएमएलए कोर्ट के विशेष न्यायाधीश राजीव रंजन की अदालत में पेश किया गया। यहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में लेते हुए 22 फरवरी तक के लिए होटवार जेल भेज दिया गया।
इससे पहले ईडी ने गुरुवार को कड़ी सुरक्षा के बीच हेमंत सोरेन को कोर्ट में लाया। पेशी के दौरान हेमंत सोरेन करीब 20 मिनट तक अदालत में रहे। इसके बाद उन्हें बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा होटवार ले जाने को कहा गया। अगली पेशी 22 फरवरी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से होगी। बता दें कि ईडी ने तीन बार में कुल 13 दिनों तक हेमंत सोरेन को अपने पास रखकर पूछताछ की। कोर्ट के आदेश पर ईडी ने तीन फरवरी को जेल से अपने साथ ले गई थी। ईडी सोरेन को 31 जनवरी को गिरफ्तार किया था। एक फरवरी को उन्हें अदालत में पेश किया गया था, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में लेते हुए जेल भेज दिया था।