समस्तीपुर जिले के मुसरीघरारी थाना अंतर्गत गंगापुर हाट व दुर्गा मंदिर के निकट बदमाशों ने युवक रोहित दास (42) की हत्या कर शव सड़क किनारे फेंक दिया। रोहित दास बिजली मिस्त्री था। गुरुवार सुबह उसका शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भीड़ लग गयी। रोहित गंगापुर पंचायत के वार्ड 11 निवासी महेश दास का पुत्र था। उसकी मौत से आक्रोशित लोगों ने गंगापुर में एनएच 28 जाम कर आवागमन ठप किया। सदर एसडीओ दिलीप कुमार ने हत्यारों की गिरफ्तारी व स्पीडी ट्रायल चलाकर सजा दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने जाम हटाया। मामले में मुख्य आरोपी लक्ष्मण महतो व उसके परिवार के सात लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि रोहित की हत्या के बाद लाश को घसीट कर सड़क किनारे फेंका गया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने भी लाश को घसीटने का निशान पाया। हत्यारों ने पानी डालकर लाश को घसीटे जाने का निशान मिटाने का प्रयास किया था लेकिन निशान पूरी तरह नहीं मिट पाया था।