Saturday 13-Jun-2026

बांका में डकैती की नियत से घर में घुसे बदमाश, विरोध करने पर जवान को मारी गोली

बांका में डकैती की नियत से घर में घुसे बदमाश, विरोध करने पर जवान को मारी गोली

बांका जिले के पंजवारा पुरानी बाजार के पाकड़गाछ मोहल्ला में बुधवार देर रात डकैती करने की नीयत से घर में घुसे बदमाशों ने आइटीबीपी (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस ) जवान विकास कुमार को गोली मारकर जख्मी कर दिया। डकैती करने घर में घुसे बदमाशों का विरोध करने पर जवानों को गोली मारी गई। जवान की स्थिति गंभीर बनी हुई है। बुधवार देर रात पंजवारा पुरानी बाजार स्थित कपड़ा व्यवसायी शंभू साह के घर में हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने लूट की नीयत से घर में प्रवेश किया था।

गृहस्वामी शंभू ने बताया कि रात्रि के एक बजे तीन-चार हथियारबंद अपराधी घर के पिछले हिस्से से सीढ़ी लगाकर छत होते हुए घुस आए और हथियार के बल पर धमकाते हुए पत्नी का जेवरात उतारने लगे। हो-हल्ला सुनकर बगल के कमरे में सोया हुआ पुत्र विकास बाहर निकला और बदमाशों से भिड़ गया। विकास ने दो बदमाशों को पकड़ लिया। जिससे बचने के लिए उसने विकास पर गोली चला दी। गोली लगने से विकास जख्मी होकर घर में गिर पड़ा और सभी बदमाश दरवाजा खोलकर भाग निकले। वहीं थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि पूर्णिया से डॉग स्क्वायड एवं टेक्निकल टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया है। जिसके द्वारा तकनीकी व वैज्ञानिक अनुसंधान किया जाएगा।