प्रसिद्ध लोक गायिका शारदा सिन्हा का मंगलवार की रात दिल्ली एम्स में निधन हो गया। उनके बेटे अंशुमान सिन्हा ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी है। सोमवार की शाम गंभीर स्थिति में वेंटिलेटर पर रखा गया था। बता दें कि पिछले 22 अक्टूबर से शारदा सिन्हा का इलाज दिल्ली एम्स में चल रहा था। विशेष डॉक्टरों की निगरानी में आईसीयू में भर्ती थी। 4 अक्टूबर को शारदा सिन्हा का अंतिम छठ गीत यूट्यूब पर रिलीज किया गया था।
लोक गायिका के बेटे अंशुमन सिन्हा ने सोशल मीडिया पर अपनी मां के निधन की जानकारी साझा की। उन्होंने अपनी मां के फेसबुक पर लिखा कि आप सब की प्रार्थना और प्यार हमेशा मां के साथ रहेंगे। मां को छठी मईया ने अपने पास बुला लिया है। मां अब शारीरिक रूप में हम सब के बीच नहीं रहीं।
लोक गायिका शारदा सिन्हा दिल्ली के एम्स में आईसीयू में भर्ती थी। उनकी तबीयत सोमवार (4 नवंबर) शाम को अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट कर दिया गया था। इस दौरान उनके बेटे ने लोगों से प्रार्थना जारी रखने की अपील की थी। साथ ही उन्होंने ये भी कहा था कि उनकी मां बहुत बड़ी लड़ाई में जा चुकी हैं। शारदा सिन्हा के बेटे अंशुमन सिन्हा से मंगलवार (5 नवंबर) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बात की थी और मां के स्वास्थ्य की जानकारी ली। अंशुमन सिन्हा ने बताया था कि उनके पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फोन आया था। उन्होंने मां का हालचाल जाना।
छठ गीतों से बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के आम लोगों के दिलों पर राज करने वाली लोकगायिका के निधन से उनके चाहने वाले लाखों लोगों को सदमा लगा है। पद्म भूषण से सम्मानित 72 वर्षीय शारदा सिन्हा मैथिली और भोजपुरी गानों के लिए मशहूर थीं। उनके चर्चित गानों में 'विवाह गीत' और 'छठ गीत' शामिल हैं।