पटना, इंपैक्ट लाइव रिपोर्टर।
दो दिन पहले ही जेडीयू में शामिल होने वाले पूर्व आईएएस अधिकारी मनीष कुमार वर्मा को पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। मनीष कुमार वर्मा को जेडीयू का राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। मुख्यमंत्री सह जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने तत्काल प्रभाव से उन्हें राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया है। गुरुवार को जेडीयू के महासचिव आफाक अहमद खान ने पत्र जारी कर इस संबंध में जानकारी दी है। मनीष कुमार वर्मा को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का काफी करीबी माना जाता है।
गौरतलब है कि एक दौर में आरसीपी सिंह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के काफी करीबी थे। उन्होंने भारतीय प्रशासनिक सेवा से वीआरएस लेने के बाद राजनीति में कदम रखा था। वह जदयू में दूसरे नम्बर की हैसियत रखते थे। उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष तक बनाया गया। किसी खास मसले पर नीतीश कुमार से उनकी दूरी बढ़ी और अंतत उन्हें पार्टी से बाहर निकलना पड़ा। उनके जाने के बाद से जदयू में आरसीपी की जगह कोई नहीं ले पाया।
एनके सिंह, पवन वर्मा, आरसीपी सिंह, केपी रमैया, गुप्तेश्वर पांडेय और सुनील कुमार के बाद मनीष वर्मा सातवें ब्यूरोक्रेट हैं जो जदयू में शामिल हुए हैं। एनके सिंह, पवन वर्मा और आरसीपी सिंह पार्टी के राज्यसभा सदस्य रहे हैं। केपी रमैया और गुप्तेश्वर पांडेय की राजनीतिक यात्रा बहुत संक्षिप्त रही। वहीं, पूर्व आईपीएस सुनील कुमार अभी सरकार में शिक्षा मंत्री हैं।