लखीसराय, इंपैक्ट लाइव रिपोर्टर
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने एक बार फिर से भारत की बढ़ती जनसंख्या पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि आज इस देश के लिए बढ़ती जनसंख्या एक चुनौती बन गई है। उन्होंने कहा कि देश में आज जमीन कम पड़ गई है. लोगों को पीने का पानी कम पड़ रहा है। गिरिराज सिंह ने कहा कि आज देश के अंदर 147 जिला है, जहां का जनसंख्या तेजी से बढ़ रहा है। उसका कारण है हिंदू महिलाओं की FTR कम है और मुस्लिम महिलाओं की FTR ज्यादा है। इसलिए देश में आज जनसंख्या नियंत्रण को लेकर कड़ा कानून लाने की जरूरत है।
विश्व जनसंख्या दिवस पर गुरुवार को लखीसराय जिले में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान गिरिराज सिंह ने आगे कहा कि ऐसे में भारत की बढ़ती जनसंख्या हमारे लिए एक तरह की चेतावनी है।अगर चीन वन चाइल्ड पॉलिसी नहीं लाता तो इस दुनिया में 60 करोड़ से ज्यादा लोग होते। उन्होंने कहा कि भारत में हमारे पास सीमित संसाधन हैं। ऐसे में अब समय आ गया है कि इस पर चर्चा की जाए।
केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि हमें भी ऐसे ही कानून की आवश्यकता है जो हिंदू मुस्लिम, सिख, इसाई, सब पर समान रूप से लागू हो। उन्होंने आगे कहा कि जो कानून की उपेक्षा करे, उसका वोटिंग का अधिकार छीन लिया जाए और सरकारी योजनाओं का कोई लाभ भी उसे न दिया जाए।