Friday 19-Jun-2026

कटिहार में मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, ऑयल से भरे 5 टैंकर पटरी से उतरे; बड़ा हादसा टला

कटिहार में मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, ऑयल से भरे 5 टैंकर पटरी से उतरे; बड़ा हादसा टला

कटिहार, इंपैक्ट लाइव न्यूज।

कटिहार रेल मंडल अंतर्गत कुमेदपुर स्टेशन (बंगाल) के पास शुक्रवार की सुबह तेल टैंकर लेकर जा रही एक मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में मालगाड़ी के तेल से भरे पांच टैंकर पटरी से उतर गए। टैंकर में तेल था, कुछ और होता तो बड़ी घटना हो सकती थी। हालांकि किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ है।

इस हादसे के चलते कई घंटों तक परिचालन बाधित हुआ। एनजेपी मालदा रेलखंड से गुजरने वाली ट्रेनें लेट हुईं। कई ट्रेनों के रूट के बदले जाने को लेकर भी खबर सामने आ रही है। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। बेपटरी हुई मालगाड़ी को देखने के लिए लोग पहुंच गए। सूचना मिलते ही रेलवे के वरीय पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे ताकि परिचालन शुरू हो सके।

impact add6

इस संबंध में कटिहार रेल मंडल के एडीआरएम मनोज कुमार सिंह ने बताया कि कुमेदपुर यार्ड के प्वाइंट नंबर 151 के पास पांच बोगी पटरी से उतर गई। इसके चलते कटिहार-न्यू जलपाईगुड़ी मालदा वाया कुमेदपुर मेन लाइन ब्लॉक हो गया। तत्काल कटिहार और एनजेपी से रेल अधिकारियों की टीम के साथ एआरटी को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। 12.15 में घटनास्थल पर टीम पहुंच गई। रेल परिचालन ट्रैक पर पुनः बहाल हो सके इस दिशा में कार्य शुरू हो गया। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। रेल प्रशासन की ओर से युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है।