Saturday 13-Jun-2026

हर्ष राज हत्याकांडः पुलिस ने पांच और आरोपियों की पहचान की, सभी के खिलाफ वारंट जारी

हर्ष राज हत्याकांडः पुलिस ने पांच और आरोपियों की पहचान की, सभी के खिलाफ वारंट जारी

बिहार पुलिस ने बुधवार को दावा किया कि उसने सोमवार को पटना विश्वविद्यालय के लॉ कॉलेज परिसर में बी.एन. कॉलेज के छात्र की हत्या में शामिल पांच अन्य आरोपियों की पहचान कर ली है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
इस मामले में पटना पुलिस ने मंगलवार को मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पटना कॉलेज के अंतिम वर्ष के छात्र एवं बिहटा निवासी चंदन कुमार के रूप में की गई है।

पुलिस ने दावा किया कि पटना कॉलेज के जैक्सन छात्रावास में रहने वाले कुमार ने पटना विश्वविद्यालय के बी.एन. कॉलेज के छात्र हर्ष राज की हत्या की साजिश रची थी। पटना पुलिस की ओर से जारी बयान के मुताबिक विशेष जांच दल (एसआईटी) ने इस हत्याकांड में शामिल पांच अन्य आरोपियों की पहचान की है। पुलिस ने उनके खिलाफ अदालत से गिरफ्तारी वारंट जारी करवा लिया है और उन्हें पकड़ने के लिए अभियान शुरू कर दिया है।

बयान में कहा गया कि एसआईटी के अधिकारी पटना के कदमकुआं, सुल्तानगंज, बहादुरपुर और पीरबहोर इलाकों में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तलाशी ले रहे हैं। पुलिस ने फरार आरोपियों की पहचान उजागर नहीं किया है। स्नातक अंतिम वर्ष के छात्र हर्ष राज (22) की सोमवार को पटना विश्वविद्यालय के लॉ कॉलेज परिसर में कुछ अज्ञात लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी।

यह घटना तब हुई थी जब छात्र सोमवार दोपहर अपने परीक्षा केंद्र से बाहर आ रहा था। वह लॉ कॉलेज परिसर में अपनी स्नातक परीक्षा देने गया था तभी छात्रों के एक समूह ने उसकी पिटाई कर दी थी। पुलिस उसे घायल अवस्था में अस्पताल ले गई, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पटना पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि पुरानी रंजिश में इस घटना को अंजाम दिया गया। उन्होंने बताया कि घटना के बारे में सटीक जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।