रांची, इंपैक्ट लाइव रिपोर्टर।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को विभिन्न विभागों में चल रही नियुक्ति प्रक्रिया की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सितंबर के अंत तक विभिन्न विभागों में लगभग 30 हजार रिक्त पदों पर नियुक्ति पूरा करने का लक्ष्य दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में मानव संसाधन की कमी से सरकार द्वारा जनहित में संचालित योजनाओं पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है, इसलिए सभी नियुक्तियां निर्धारित समय के अंदर पूरी हों ताकि ऐसी समस्या न आए।
सीएम ने अधिकारियों को 5000 पुलिसकर्मी और 583 उत्पाद सिपाही नियुक्ति प्रक्रियाओं में भी तेजी लाने के लिए कहा। बैठक में सीएम को बताया गया कि 583 उत्पाद सिपाही की दौड़ प्रक्रिया जुलाई 2024 और 5000 पुलिस बहाली की दौड़ प्रक्रिया 15 अगस्त तक पूरी कर ली जाएगी। बैठक में मुख्य सचिव एल खियांग्ते, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, प्रधान सचिव, गृह विभाग वंदना दादेल, डीजीपी अजय कुमार सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद थे।